
पटना । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता जगदानंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की तुलना तालिबान से की है। जिसके बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष ने भी राजद प्रदेश अध्यक्ष के बयान का समर्थन किया है और राज्य की एनडीए सरकार को तालिबानियों की सरकार कहा है।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को 'भारत का तालिबान' कह कर संबोधित किया था। इसके बाद भाजपा इस बयान को लेकर हमलावर हो गई है । इसके बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने भी उनके बयान का समर्थन कर दिया। तेजस्वी ने राज्य की एनडीए सरकार को तालिबानियों की सरकार बताया। इसके बाद से इस मामले ने तूल पकड़ लिया है।
तेजस्वी ने कहा जहां भाजपा की सरकार है वहां समझिए सरकार तालिबानी चला रहे हैं और जहां नहीं है वहां संघी तालिबान चला रहे हैं। देश में दो तरह का तालिबान है। एक सरकारी तालिबान और एक संघी तालिबान।ये दोनों ही देश में कट्टरता और धार्मिक उन्माद फैला रहे है।
भाजपा प्रवक्ता ने इस बयान को लेकर जगदानंद सिंह को घेरा है। उन्होंने जगदानंद सिंह को हिटलर सिंह बताया। हाल में ही लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को हिटलर बताया था। जिसके बाद दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। पटना पहुंचे चिराग पासवान ने देश के किसी संगठन को आतंकी संगठन तालिबान से तुलना करने का दुर्भाग्यपूर्ण और गलत बताया है।