नई दिल्‍ली । राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह की मृत्यु के बाद उपाध्‍यक्ष जयंत चौधरी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। दिल्‍ली में मंगलवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जयंत चौधरी को पार्टी का नया राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चुना गया है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे रालोद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक में जयंत चौधरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान आरएलडी की कार्यकारिणी के 34 सदस्यों ने नए अध्यक्ष का चयन किया। इस समय पार्टी में अध्यक्ष जयंत चौधरी के अलावा आठ राष्ट्रीय महासचिव, 14 सचिव, तीन प्रवक्ता और 11 कार्यकारिणी सदस्यों समेत 37 पदाधिकारी हैं। उल्लेखनीय है कि यह पद, कुछ दिन पहले, रालोद के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह का कोरोना की वजह से निधन होने की वजह से रिक्त हुआ है।  
पार्टी के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, जयंत चौधरी का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना जाना पहले से तय था, क्‍योंकि वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और जब अजीत सिंह अस्वस्थ चल रहे थे, तब जयंत ही पार्टी की गतिविधियां चला रहे थे और जरूरी फैसले ले रहे थे। यही नहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना था कि जयंत अब पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। रालोद बिना किसी सांसद-विधायक की पार्टी है और पार्टी को एक बार फिर मजबूती से खड़ा करना जयंत के लिए बड़ी चुनौती है।
उन्होंने पार्टी अध्यक्ष बनते ही अपने पिता अजित सिंह और दादा चौधरी चरण सिंह की भांति अपना ध्यान किसानों की समस्याओं पर केंद्रित किया है। वैसे उन्‍होंने पार्टी अध्यक्ष पद के बाद संयुक्त किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से बुधवार को बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।