गंगटोक : यहां जैविक कृषि समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि जैविक कृषि पर देश को सिक्किम से सीख लेने की जरूरत है। सिक्किम ने कृषि का मतलब बदल दिया और आज यह दुनिया के लिए मॉडल बन चुका है।

पीएम ने कहा, 'सिक्किम का वातावरण बेहद शांत, सुंदर और स्वच्छ है। सिक्किम ने जैविक खेती की जो राह पकड़ी है उससे पूरे देश में जैविक पवन की प्रेरणा फैलेगी। हम आधुनिकता की हवा में फंसे हैं जबकि सिक्किम में जैविक पवन की हवा चल रही है। हमें प्रकृति के साथ जीना पड़ेगा, सिक्किम ने यह करके दिखा दिया है। सिक्किम दुनिया के लिए मॉडल है। सिक्किम ने विकास के साथ पर्यावरण का भी ख्याल रखा।'

पीएम ने कहा कि देश में जैविक कृषि का माहौल बना और किसान प्रयोग के लिए तैयार है। पीएम ने किसानों की फसलों के बीमा पर भी जोर दिया।

गौरतलब है कि पीएम दो दिन की यात्रा पर सिक्किम पहुंचे हैं। वे इस राज्य को पूर्ण आर्गेनिक राज्य घोषित करेंगे।

इससे पहले राज्य के राज्यपाल श्रीनिवास पाटिल और मुख्यमंत्री पवन चामलिंग और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों, राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां लिबिंग सैन्य हैलीपैड पहुंचने पर प्रधानमंत्री की अगवानी की।

मोदी ने यहां पहुंचने पर भारतीय सेना के ब्लैक कैट डिवीजन और सिक्किम पुलिस के जवानों की ओर से दी गई सलामी गारद का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री का काफिला इसके बाद चिंतन भवन रवाना हुआ जहां वह सतत कृषि एवं किसान कल्याण विषयक एक राष्ट्रीय सम्मेलन का औपचारिक किया।

फूलों और तिरंगे झंडे लिए लोग उस मार्ग के दोनों ओर खड़े थे जिससे गुजरकर मोदी सम्मेलन स्थल की ओर रवाना हुए। मोदी का पहले दिन के कार्यक्रम का अंत शाम को मनन केंद्र में आयोजित संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा।