नई दिल्ली : देश की ‘विविधिता में एकता’ की सराहना करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि दुनियाभर के देशों में भारतीय सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना की भारी मांग है। यहां ‘राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव’ के पहले संस्करण में अपने संबोधन में स्वराज ने कहा कि विदेशों में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर गहरी कौतुकता है और भारत की एकता लोगों को आकर्षित करती है।

उन्होंने कहा, ‘भारत इतनी अधिक विविधिता के बाद भी एक है। भारतीय संस्कृति को लेकर दूसरे देशों में कौतुकता इस देश से कहीं ज्यादा है। हाल ही में प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) पांच मध्य एशियाई देशों की यात्रा पर गए थे। हर देश ने मांग की कि हम उनके यहां भारतीय सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करें। ’ उन्होंने कहा, ‘हम जहां कहीं भी जाते हैं , लोग हमसे सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने का अनुरोध करते हैं। लोग इस बात से चकित हैं कि भारत में इतनी विविधिता के बाद भी इतनी एकता है।’ नयी दिल्ली की भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने इस मौके पर कहा कि भारत दुनियाभर में अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता है लेकिन इस अभिलाषित धरोहर को नुकसान पहुंचाने के लिए कोशिश की जा रही है और एक परिवेश तैयार किया जा रहा है।