ठाणे। क्विक-कॉमर्स ऐप्स के जरिए तुरंत सामान मंगाने की बढ़ती लोकप्रियता के बीच महाराष्ट्र के ठाणे से खाद्य सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। ठाणे जिले के कल्याण स्थित गोदरेज हिल इलाके में 'ब्लिंकइट' के डार्क स्टोर में आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर चूहा घूमता हुआ पाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
फ्रीजर में चूहा मिलने से हड़कंप
कल्याण के इस स्टोर पर जब कुछ स्थानीय युवक आइसक्रीम खरीदने पहुंचे, तो उन्होंने पैक्ड प्रोडक्ट्स के ठीक पास फ्रीजर के अंदर एक चूहे को भागते हुए देखा। युवकों ने तुरंत इस लापरवाही का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और ग्राहकों में भारी आक्रोश है और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) से स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई: 14 लाइसेंस सस्पेंड
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र FDA क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के गोदामों पर राज्यव्यापी अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने हाल ही में ब्लिंकइट, ज़ेप्टो (Zepto) और स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) से जुड़े 86 डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया। सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 14 सेंटरों (5 ब्लिंकइट, 5 ज़ेप्टो और 2 इंस्टामार्ट) के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं, जबकि 60 सेंटरों को सुधार के नोटिस जारी किए गए हैं।
घाटकोपर और मलाड के स्टोर्स में भी मिली थीं गंभीर खामियां
इससे पहले मुंबई के घाटकोपर स्थित ब्लिंकइट सेंटर में कॉकरोच का संक्रमण, ड्रेनेज की खराबी और अस्वच्छता पाई गई थी। वहीं मलाड वेस्ट स्थित स्टोर का FSSAI लाइसेंस इसलिए निलंबित किया गया क्योंकि वहां चिलर रूम का तापमान तय मानकों से अधिक (6 डिग्री) था, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड गायब थे और कर्मचारी बिना ग्लव्स या एप्रन के काम कर रहे थे। ठाणे की इस घटना ने एक बार फिर तेजी से डिलीवरी की होड़ में हाइजीन मानकों की उपेक्षा को उजागर किया है।





