नई दिल्ली : दादरी कांड, गोहत्या और बीफ पर भाजपा नेताओं के विवादित बयानों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद नाराज हैं। बिहार चुनाव में इन विवादित बयानों से नुकसान के मिल रहे संकेतों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, सांसद साक्षी महाराज, मुजफ्फरनगर के सरधना से विधायक संगीत सोम, सांसद संजीव बालियान और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा को अपने घर पर तलब किया।

हालांकि बैठक में क्या हुआ और शाह ने इन नेताओं को क्या नसीहत दी, का खुलासा तो नहीं हो पाया लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि बैठक में बीते दिनों नेताओं की ओर से दिए गए विवादित बयानों के मुद्दे पर चर्चा हुई। साथ ही आगे से इस तरह के विवादित बयानबाजी ना करने की चेतावनी भी दी गई होगी। बैठक के बाद संगीत सोम ने कहा कि वे पार्टी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए अमित शाह से मिले थे।

हाल के दिनों में भाजपा नेताओं ने बीफ पर कई बयान दिए। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था कि मुस्लिम इस देश में रह सकते हैं, लेकिन उन्हें बीफ खाना छोड़ना होगा। हालांकि, बाद में खट्टर अपने बयान से मुकर गए और इस संबंध में सफाई भी दी। भाजपा ने भी उनके बयान से किनारा कर लिया।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा था- हमारी गौ मां का कोई अपमान करेगा तो हम सहन नहीं करेंगे। हम मर जाएंगे-मार देंगे। हमारी भारत माता की तरफ कोई ऊंगली उठाता है तो हमारे लोग शहीद होते हैं। सामने वाले को मारते भी हैं। जैसे शरीर को जन्म देने वाली मां है, वैसे ही हमारी भारत माता है, वैसे ही हमारी गो-माता हैं।

विवादों में रहने वाले भाजपा विधायक संगीत सोम ने भी बीफ पर बयान दिया था। उन्होंने दादरी घटना पर पिछले दिनों कहा था- यूपी में हम कहते आ रहे हैं कि गोहत्या रोकें। लेकिन यहां सरकार कुछ नहीं कर रही। बिसहड़ा में भी गोकशी के बाद हिंसा हुई। यूपी सरकार गाय काटने वालों को हवाई जहाज में बैठाकर लखनऊ ले जाती है और 50 लाख रुपए भी देती है।