चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी नीत मंत्रिमंडल का विस्तार शुरू हो गया है. ब्रह्म मोहिंद्रा और मनप्रीत सिंह बादल को नई कैबिनेट में शामिल किया गया है. इसके साथ ही तृप्त राजिंदर बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखविंदर सिंह सरकारिया और राणा गुरजीत सिंह को भी नए मंत्रिमंडल में स्थान मिला है. चरणजीत सिंह चन्नी की नई कैबिनेट में रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु,  रणदीप सिंह नाभा और राजकुमार वेरका को भी मौका दिया गया है. मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह आयोजन तय समय के मुताबिक शाम साढ़े चार बजे राजभवन में आयोजित किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शनिवार को नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों को लेकर दिल्ली में पार्टी के आलाकमान के साथ अंतिम चरण की चर्चा की थी. मंत्रियों की अंतिम सूची तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री चन्नी ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर राजभवन में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की, जिसके बाद शपथ ग्रहण के लिए आज की तारीख तय की गई.

* चरणजीत सिंह चन्नी की नई कैबिनेट में रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, रणदीप सिंह नाभा और राजकुमार वेरका को मिली जगह.


* तृप्त राजिंदर बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखविंदर सिंह सरकारिया और राणा गुरजीत सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली.


* सबसे पहले ब्रह्म मोहिंद्रा और मनप्रीत सिंह बादल ने मंत्री पद की शपथ ली. इन दोनों को कैबिनेट में स्थान दिया गया है.


* कांग्रेस विधायक अपने परिवार के साथ नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में चंडीगढ़ के राजभवन पहुंच चुके हैं.


* पंजाब सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार से कुछ घंटे पहले राज्य के कांग्रेस नेताओं के एक वर्ग ने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को पत्र लिखकर मांग की कि ‘दागी’ पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाना चाहिए.


* सूत्रों के अनुसार परगट सिंह, राजकुमार वेरका, गुरकीरत सिंह कोटली, संगत सिंह गिलजियान, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कुलजीत नागरा और राणा गुरजीत सिंह मंत्रिमंडल में शामिल किये जा सकते हैं.


* पार्टी ने अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री रहे विजय इंदर सिंगला, मनप्रीत सिंह बादल, ब्रह्म मोहिंदरा, सुखबीर सिंह सरकारिया, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, अरुणु चौधरी, रजिया सुल्तान और भारत भूषण आशु को मंत्रिमंडल में बनाए रखने का निर्णय लिया है.


* सूत्रों के मुताबिक अमरिंदर सिंह नीत मंत्रिमंडल में मंत्री रहे पांच विधायकों –राणा गुरमीत सिंह सोढी, साधु सिंह धर्मसोत, बलबीर सिंह सिद्धू, गुरप्रीत सिंह कांगड़ और सुंदर शाम अरोड़ा का मंत्रिमंडल से पत्ता कट सकता है.