
सीधी मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रातोरात एक किलोमीटर लंबी सड़क चोरी हो गई। सुबह उप सरपंच और गांव वाले पुलिस थाने में शिकायत करने पहुंच गए। इससे पुलिस भी चकित रह गई। पूरा मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया जा रहा है। उप सरपंच और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उनका सफर मुश्किल हो गया है। वे जिस जगह की शिकायत कर रहे हैं, वहां रात तक सड़क थी। सुबह तक गायब हो गई। सड़क की चोरी होने का मामला जब जनपद पंचायत पहुंचा, तो CEO भी हैरान रहे गए।
यह मामला जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मेंडरा का है। ग्रामीणों ने बताया, ग्राम पंचायत ने उनके गांव में 2017 में पहले मुरम वाली सड़क बनी थी। इसके करीब 4 से 5 महीने बाद 10 लाख रुपए की लागत से यहां CC रोड (सीमेंट कांक्रीट) बना दी गई, लेकिन यह सब कागजों में बनती रहीं। हकीकत में यहां दूर सड़क के निशान भी नहीं हैं। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया है।
भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला
गांव वाले खराब सड़क से परेशान हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जब उन्हें पता चला कि सड़क कागजों पर बनी है। इसमें 10 लाख रुपए भ्रष्टाचार किया गया है, तो वे उपसरपंच के साथ मिलकर गांव की सड़क चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे।
उपसरपंच रमेश कुमार यादव ने तंज कसते हुए कहा कि रात तक उनके गांव में सड़क बनी हुई थी। सड़क बनाई भी ठीक गई थी, लेकिन अचानक सुबह होते ही गायब हो गई।
कागजों पर बना दी, जमीन पर सड़क गायब
भाजपा नेता अखिलेश पांडे ने कहा कि मेंडरा उनके गांव के पास ही है, जहां गांववालों ने सड़क चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। यह भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला है। इसकी जांच की जानी चाहिए, क्योंकि सड़क जमीन पर नहीं, बल्कि कागजों पर बनाई गई है।
उपसरपंच का कहना है कि मामले की पड़ताल की, तो जनपद पंचायत कार्यालय के अन्य अधिकारियों ने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि ऑफ कैमरा लोग यह बात जरूर कहते नजर आए कि सड़क कभी बनी ही नहीं थी। इसे बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है।
जांच कराएंगे
मेंडरा गांव में सड़क की चोरी होने का मामला जब जनपद पंचायत पहुंचा, तो CEO भी हैरान रहे गए। CEO एमएल प्रजापति ने कहा, गांव वालों ने सड़क की चोरी होने की जो शिकायत दर्ज कराई है, उसे चोरी कहना ठीक नहीं होगा। वे हाल ही में यहां नियुक्त हुए हैं। उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। वह जांच कराएंगे, इसके बाद ही तथ्य सामने आएंगे।