काठमांडू। मध्य नेपाल में बर्फीले तूफ़ान और हिमस्खलन की कई घटनाओं में कम से कम 26 ट्रैकर्स और तीन किसानों के मारे जाने की ख़बर है। सबसे ज़्यादा लोग अन्नपूर्णा सर्किट में मारे गए हैं जहां के बर्फीले तूफ़ान में इजरायल और पोलैंड के दो-दो नागरिकों और आठ नेपाली नागरिकों की मौत हो गई। सर्किट से लौट रहे कई ट्रैकर्स भी लापता हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

नेपाल में हिमस्खलन हादसा

नेपाल में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश ने कई जानें ली हैं। पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हिम-स्खलनों में 10 लोगों के मारे जाने की आशंका है। इनमें स्थानीय लोगों के अलावा कनाडा, स्लोवाकिया और भारत के नागरिक भी शामिल हैं। भारी बारिश में एक फ्रांसीसी नागरिक के गंडकी नदी में बहने से मौत हो गई। पड़ोसी देश भारत में चक्रवाती तूफ़ान हुदहुद के चलते नेपाल में भारी बारिश हुई है। उपग्रहों से मिली तस्वीरों से संकेत मिला है कि चक्रवाती तूफ़ान हुदहुद भारत से नेपाल और फिर चीन की ओर बढ़ रहा है। नेपाल की ट्रैकिंग और पर्वतारोहण उद्योग के लिए मौजूदा साल अ'छा नहीं रहा है.

नेपाल माउंट एवरेस्ट

अप्रैल में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट में एक हिमस्खलन में 18 शेरपाओं की मौत हो गई थी। इसके बाद से माउंट एवरेस्ट के लिए अभियानों में भारी कमी आई है।

अक्टूबर का महीना ट्रैकिंग के लिए अच्छा माना जाता है। हज़ारों की संख्या में पर्यटक ट्रैकिंग के लिए नेपाल आते हैं। लेकिन बर्फीले तूफ़ान और हिमस्खलन से पर्यटकों में चिंता है।