रामटेक (महाराष्ट्र) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य भाजपा नेताओं के दावों को खारिज करते हुए आज कहा कि विकास के मोर्चे पर महाराष्ट्र गुजरात से आगे है।

राहुल ने नागपुर जिले में यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘महाराष्ट्र गुजरात से आगे है।’ उन्होंने कहा, वे कहते हैं कि हमने 60 साल में कोई काम नहीं किया। ऐसा होता तो राज्य ने इतनी प्रगति की होती?

प्रधानमंत्री को आड़े हाथ लेते हुए राहुल ने कहा, कुछ लोग गांधीजी का नाम लेते हैं लेकिन उनका बर्ताव गांधीजी के विचारों के विपरीत है। परोक्ष रूप से मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, हमें लगता है कि मूर्ति पूजा के बजाय विचार पूजा होनी चाहिए। उन्होंने कहा, कुछ लोग गांधीजी की बात करते हैं जिन्होंने अहिंसा का पाठ सिखाया लेकिन उनके उपदेशों का पालन नहीं करते। राहुल गांधी ने कैंसर की दवा समेत 108 दवाओं के दामों में वृद्धि के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने यह भी कहा कि जब चीनी सैनिक भारत में घुसपैठ कर रहे थे तब मोदी चीन के राष्ट्रपति के साथ झूला झूल रहे थे। उन्होंने कहा, जनता देश बनाती है। नेता नहीं बल्कि लोग काम करते हैं। संप्रग की उपलब्धियां गिनाते हुए राहुल ने कहा कि हमारी नीतियों के कारण 30 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने सत्ता में आने के 100 दिन के भीतर विदेशों में जमा काला धन वापस लाने के चुनावी वायदे को पूरा नहीं करने के लिए भी मोदी सरकार को घेरा। राहुल ने गल्ती से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को मुख्यमंत्री कह दिया। उन्होंने कहा, हमारे मुख्यमंत्री साफ छवि वाले हैं।