अहमदाबाद | तौकते चक्रवात धीरे धीरे कमजोर हो रहा है, इसके बावजूद अगले 24 घंटों तक गुजरात पर इसका असर रहेगा| चक्रवात के कारण राज्य के कई हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है| राज्य में मौसम विभाग की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि तौकते चक्रवात फिलहाल अमरेली और बोटाद के बीच है| जो प्रति घंटे 7 किलोमीटर की रफ्तार से राज्य के उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है| इस दौरान चक्रवात अहमदाबाद के निकट से गुजरेगा| हांलाकि हवा की गति 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है| चक्रवात के कारण अहमदाबाद में भारी बारिश हो सकती है| उन्होंने बताया कि चक्रवात के उत्तरी गुजरात की ओर बढ़ने पर उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है| चक्रवात कमजोर हुआ है, इसके बावजूद नागरकों को अपने घर में रहने की जरूरत है| मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद राजस्व के अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज कुमार ने कहा कि आगामी स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है| भारी बारिश की संभावना वाले जिला प्रशासन को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है|