
फतेहाबाद(आगरा)। अलीगढ़ में सुबह टहलने गए डॉक्टर को पार्क में कुत्तों द्वारा नोंचकर मार डालने की घटना को अभी लोग भूले नहीं थे कि सोमवार को आगरा में इसी तरह की घटना हुई। डौकी क्षेत्र के गांव कुई कुमरगढ़ में किन्नू के बाग मे खेलती दो बच्चियों पर आठ कुत्तों ने हमला बोल दिया। उन्हें बाग से 150 मीटर दूर घसीटकर खेत के किनारे ले गए। एक बच्ची को नोंचकर मार डाला। दूसरी को भी नोचकर बुरी तरह से घायल कर दिया। उसे एसएन में भर्ती कराया गया है।
बाग में खेल रही थींं दोनों बहनें
घटना सोमवार की सुबह करीब आठ बजे की है। गांव कुई कुमरगढ़ निवासी सुग्रीव की पांच वर्षीय पुत्री कंचन अपनी बड़ी चचेरी बहन रश्चि के साथ घर के पीछे किन्नू के बाग में खेल रही थी। कंचन के चाचा डोरी लाल ने बताया इसी दौरान आठ कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया। वह कंचन और रश्मि को घसीटकर पास के खेत पर ले गए। कुत्तों ने कंचन के गले को अपने जबड़े में दबा लिया था, जिससे उसकी आवाज नहीं निकल सकी। उसे खेत पर नोंच-नोंचकर मार डाला।
ट्रैक्टर से कुत्तों को भगाया
दूसरी बच्ची रश्चि पुत्री प्रेमचंद को नोच रहे थे। उसकी चीखों को सुनकर पास के खेत में काम करते ग्रामीण भूरी की नजर गई। उन्होंने कुत्तों को भगाने का प्रयास किया तो वह उन पर हमलावर हो गए। भूरी सिंह ने ट्रैक्टर से कुत्तों को भगाया। जानकारी होने पर बच्चियों के स्वजन वहां जुट गए। कंचन की मौके पर मौत हो गई थी। कुत्तों ने उसके शरीर पर एक दर्जन से अधिक घाव किए थे। रश्मि को स्वजनों ने एसएन में भर्ती कराया है। पुलिस उपायुक्त सोमेंद्र मीणा ने बताया कि कुत्तों के हमले में बच्ची की मौत हुई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।