प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में निर्णायक जनादेश के लिए लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव की बयार सत्तारूढ़ कांग्रेस को असम से निकाल फेंकेगी। असम के सोनितपुर जिले में ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी क्षेत्र में बसे रंगपारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह बात की। असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चार और 11 अप्रैल को दो चरणों में होंगे। राज्य में विधानसभा की 126 सीटें हैं।

असम में चार रैलियों को संबोधित करते हुए शनिवार को मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की। मोदी ने रैली में आए लोगों से कहा, ‘‘आज मेरा कार्यक्रम 10 बजे था और मैं हैरान हूं कि लोग इतनी जल्दी कैसे आए? यहां सड़कें भी नहीं हैं, लेकिन मैं इतनी भीड़ को देखकर खुश हूं। मैं आश्वस्त करता हूं कि आपका यह प्यार विकास कार्यों के जरिये सूद समेत वापस करूंगा।’’

मोदी ने आगे कहा, ‘‘इस समय मैं यहां बदलाव की बयार को देख सकता हूं, जो सत्तारूढ़ कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी। 15 वर्ष की बुरी सरकार का अंत होगा और विकास का नया सूर्योदय होगा।’’

असम में लोगों की समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने लोगों से भाजपा तथा उसके गठबंधन को निर्णायक जनादेश देने की अपील की। मोदी ने कहा, ‘‘जब आप चार और 11 अप्रैल को मतदान करेंगे, तो उस दौरान कांग्रेस के 60 साल के कुशासन को ध्यान में रखें। आपकी परेशानियों के पीछे इन्हीं (कांग्रेस) लोगों का हाथ है। इस तरह से मतदान करें कि भाजपा और उसका गठबंधन बहुमत से जीते।’’

उन्होंने कहा कि भारत के लोगों ने 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए एक जनादेश दिया था और अब विश्वभर में देश की प्रशंसा हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अगर आप असम के लिए भी वहीं प्रशंसा सुनना चाहते हैं, तो निश्चित तौर पर आगामी चुनाव में भाजपा और उसके गठबंधन के लिए वोट कीजिए।’’

असम के उत्तरी क्षेत्र के विकास की कमी पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र को छोड़ दिया गया। असम में उन्होंने राज्य के सरकारी खजाने से केवल उन विधानसभा क्षेत्रों में धन खर्च किया, जहां से जीतकर वे सरकार बना सकें। उन्होंने दूसरों की चिंता नहीं की। यही वजह है कि यह क्षेत्र विकास से कोसों दूर है।’’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि असम में करीब एक करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे हैं और यह उन लोगों का तोहफा है, जो पिछले 60 साल से सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना देश के हर गरीब व्यक्ति को 2022 तक मकान देने का है। मोदी ने आगे कहा, ‘‘हम असम में बदलाव चाहते हैं। बच्चों के लिए शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और वृद्धों के लिए दवा ही हमारा लक्ष्य है और यह राज्य के लोगों के जीवन स्तर को बदलने के लिए पर्याप्त है।’’