इंदौर। अन्नपूर्णा पुलिस ने आसाराम के पुराने सेवक और घर से आश्रम चलाने वाले स्कीम नंबर 71 निवासी कृष्ण कुमार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। वह इलाके की ही एक महिला होमगार्ड से छेड़खानी करता था। सेवा के बहाने वह हर मंगलवार रणजीत हनुमान मंदिर भी आता-जाता था। उसने वहां भी महिला कर्मी से छेड़छाड़ की थी। महिलाकर्मी ने बताया कि वह उसे नजरअंदाज कर देती थी।

जब अति हुई तो सामने आना पड़ा

महिलाकर्मी ने बताया कि वह शादीशुदा है। बदमाश द्वारा की गई हरकतों को बताकर बदनाम नहीं होना चाहती थी। 15 दिसंबर (मंगलवार) को भी जब वह दर्शन करने रणजीत हनुमान मंदिर पहुंची तो कृष्ण कुमार ने उसका हाथ पकड़ा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। महिलाकर्मी ने चिल्लाया तो उसे धक्का मार कर फेंक दिया। फिर शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहने लगा। महिला जैसे-तैसे छूटकर भाग निकली।

घर पहुंचकर दी धमकी

फिर महिलाकर्मी ने मंदिर जाना बंद कर दिया तो आरोपी को लगा कि वह रिपोर्ट दर्ज करा देगी। आरोपी महिला के घर पहुंचा और परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसका कहना था कि यदि पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई तो वह किसी को नहीं छोड़ेगा। आखिर में महिलाकर्मी आगे आई और पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ उसे गिरफ्तार भी कराया।

आसाराम से घर के आश्रम तक

लोगों के अनुसार वह आसाराम आश्रम का पुराना सेवक था। जब से आसाराम की गिरफ्तारी हुई उसने भी आश्रम से दूरी बना ली। उसके बाद वह घर से ही आश्रम चलाने लगा। बाद में वह महिलाओं पर निगरानी रखने और छेड़छाड़ करने के लिए हर मंगलवार रणजीत हनुमान मंदिर जाने लगा। उसे यकीन था कि यहां कोई उसे कुछ नहीं बोलेगा। फिर वह प्रसादी व्यवस्था में जुट गया।