इंदौर। कार्तिक अपहरण केस में नया खुलासा हुआ है। मामला कांट्रेक्ट किलिंग का निकला है। जानकारी के अनुसार डकाच्या के दूसरे मेडिकल स्‍टोर संचालक ने ही बच्‍चे की हत्या का ठेका दिया था। इसके एवज में पांच हजार रुपए एडवांस दिए थे।

उल्‍लेखीनीय है एक मेडिकल स्टोर संचालक अशोक मिश्रा के बेटे को अगवा करने के बाद अपहरणकर्ताओं ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। गुरुवार दोपहर उसकी लाश महेश्वर में नर्मदा में बहती मिली। अपहरणकर्ता परिवार के परिचित हैं। उनका कहना है था कि उन्होंने फिरौती के लिए वारदात को अंजाम दिया है।

हालांकि पुलिस को यह बात गले नहीं उतर रही थी। इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, जिसमें से तीन को अलग थाने में रखकर पूछताछ की गई। पुलिस इनके नाम का खुलासा नहीं कर रही है, लेकिन परिजन ने बताया कि नानू और कान्हा ने पुलिस के सामने गुनाह कबूल लिया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार दोपहर एक बजे डकाच्या के कार्तिक मिश्रा का शव महेश्वर में मिला। आंखों के ऊपर चोट और हाथों पर रगड़ के निशान हैं। शव मंडलेश्वर की ओर से बहता आया। घाट पर नहा रहे लोगों ने उसे देख पुलिस को सूचना दी। कार्तिक कोचिंग क्लास की ड्रेस में था। कंधे पर बैग और गले में आईकार्ड था।

इधर, लोगों की सूचना पर महेश्वर पुलिस आनन-फानन में घाट पर पहुंची। आशंका के मद्देनजर विजय नगर इंदौर पुलिस को सूचना दी। धामनोद में ही सर्चिंग कर रही विजय नगर पुलिस 40 मिनट में महेश्वर पहुंच गई।

शाम होते होते कार्तिक के पिता अशोक मिश्रा, चाचा सहित अन्य साथी पहुंचे। बेटेका शव देख वे बिलख पड़े। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।

गोताखोरों ने देखा शव

गुरुवार की दोपहर लगभग एक बजे नर्मदा में कार्तिक का शव बहते हुए सबसे पहले गोताखोरों ने देखा। टी-शर्ट नारंगी कलर की होने से अंदाजा लगाया कि कोई लाइफ जैकेट बह रहा है। कुछ ही देर में शव दिखाई पड़ा।

अपहरणकर्ता की टावर लोकेशन धामनोद में मिली थी

अपहरणकर्ता की टावर लोकेशन धामनोद में मिली थी । यहां तक की विजय नगर इंदौर पुलिस ने महेश्वर थाना मुख्यालय को कार्तिक के लापता होने और किसी भी प्रकार की सूचना को लेकर अवगत कराया था। इसी आधार पर महेश्वर पुलिस ने तत्काल विजय नगर थाना टीआई क्षत्रपालसिंह सोलंकी को सूचना दी।

हत्या की वजह : अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिए हत्या करने की बात कबूली।

किसने की : गांव के ही परिचित कान्हा और नानू का नाम चर्चा में है। नानू की मोटर बाइडिंग की दुकान है और कान्हा का चाट का ठेला है।

हत्या कैसे की गई: गला घोंटकर।

घटनास्थल : बायपास इलाके में।

घटना का समय : रात सवा आठ से साढ़े नौ के बीच।

इसलिए शक है इन दोनों पर

पुलिस की जांच में सामने आया कि पिता ने इन दोनों पर शक जाहिर किया था। यह दोनों ही उस दिन रात को गांव में नहीं थे। शादी का कहकर निकले थे। रात को डेढ़ से दो बजे के बीच मांगलिया टोल नाके पर संदिग्ध पकड़ाए थे।

यहां फंस रहा है पेच

पुलिस ने दोनों को पकड़ तो लिया है लेकिन फिरौती के कारण हत्या किए जाने की कहानी गले नहीं उतर रही है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि फिरौती ही चाहिए थी तो इतनी जल्दी कार्तिक को क्यों मार दिया।

कार्तिक के आखिरी 13 घंटे

सुबह 7 बजे : मंगलवार को कार्तिक सोकर उठा। नाश्ता किया और स्कूल के लिए तैयार हुआ

सुबह 9.30 बजे: डकाच्या स्थित स्कूल में ही गया

दोपहर 3.30 बजे: स्कूल से घर लौटा। लंच किया। लगभग आधे घंटे के बाद कैटेलाइजर कोचिंग आने के लिए इंदौर के लिए निकला।

शाम 4.57 बजे: सत्यसाईं चौराहा स्थित कैटेलाइजर कोचिंग पर पहुंचा।

शाम 7.57 बजे: पंचिग मशीन में दर्जा मैसेज के मुताबिक वो 7.57 बजे कोचिंग सेंटर से निकला। पिता के पास मैसेज भी पहुंचा।

रात 8.05 बजे: कार्तिक ने पिता को फोन कर बताया कि बस में बैठने वाला हूं। उसके बाद से कार्तिक का कुछ पता नहीं चला।

चार पहिया वाहन से अपहरण किया और मंडलेश्वर में नर्मदा नदी में फेंका

अपहरणकर्ताओं ने मंगलवार को चार पहिया वाहन से कार्तिक को अगवा किया। शव की शिनाख्ती केबाद पुलिस का मानना है कि बायपास के ही अपहरणकर्ताओं ने इसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद लाश मंडलेश्वर ले जाकर नर्मदा में फेंक दी। लाश बहते हुए दो दिन बाद गुरूवार दोपहर एक बजे महेश्वर घाट पहुंची।

कान्हा और नानू ने मंगलवार रात गला घोंट दिया था!

पुलिस ने बुधवार को डकाच्या से मोटर बाइंडिंग की दुकान चलाने वाले नानू, चाट का ठेला लगाने वाले कान्हा और नशेड़ी युवक राहुल को कस्टडी में ले लिया था। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कान्हा और नानू ने मंगलवार रात ही कार्तिक का अपहरण कर उसे मौत के घाट उतारा। उसके बाद नर्मदा नदी में फेंक दिया।

डकाच्या गांव में चल रही सुर्खियों के अनुसार दोनों ने फिरौती के लिए अपहरण किया था। नानू का मंडलेश्वर में ससुराल भी है। इस वारदात में नानू के मंडलेश्वर में रहने वाले ससुराल पक्ष और दोस्तों का भी हाथ है। इधर, पुलिस का कहना है कि लाश दो दिन पुरानी है और पानी से फूल गई थी। उसे जलीय जीव-जंतुओं ने नोच लिया था। बहरहाल, पुलिस ने अभी तक इन बातों की पुष्टि नहीं की है।