नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के नेता अशोक सिंघल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि विहिप नेता का निधन उनके लिए गहरी व्यक्तिगत क्षति है।मोदी ने ट्वीट किया, ‘अशोक सिंघलजी का निधन गहरी निजी क्षति है। वह अपने आप में एक संस्था थे जिनका जीवन देश की सेवा करने पर केंद्रित था।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि अशोक सिंघल जी कई नेक कामों और सामाजिक कार्यों के प्रेरणास्रोत थे जिनका फायदा गरीबों को मिला। वह पीढि़यों के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य है कि अशोकजी का उन्हें हमेशा आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और अनगिनत समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। अस्सी के दशक के अंतिम वर्ष और बाद के दिनों में राम जन्मभूमि आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले विहिप नेता अशोक सिंघल का मंगलवार को गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।