मुंबई : शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) के अध्यक्ष सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोतने वाले पांच लोगों से मुलाकात की। इन हमलावरों को सोमवार को जमानत मिल गई।  

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक ठाकरे ने अपने आवास माताश्री पर शिवसैनिकों से मुलाकात की और उनसे करीब 10 मिनट बातचीत की। ठाकरे ने 'अचछा काम' करने के लिए उनकी प्रशंसा की। एक हमलावर के मुताबिक उन्होंने शिव सैनिकों से ऐसा काम जारी रखने के लिए कहा।

गजानंद पाटील, दिनेश प्रसाद, अशोक वाघमारे, प्रकाश हुसबे, समाधान जाधव, व्यंकटेश नायर को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।  

विदेश नीति से जु़ड़े थिंक टैंक ओआरएफ के प्रमुख तथा पूर्व भाजपा सदस्य कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोतने के आरोप में पुलिस ने शिवसेना के छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इससे पहले, डीसीपी (जोन चार) अशोक डुढे ने बताया कि पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शिवसेना के शाखा प्रमुख गजानंद पाटिल शामिल थे।

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी की किताब के विमोचन से पहले कुलकर्णी के साथ यह घटना हुई। कार्यक्रमों को रद्द करने के शिवसेना के फरमान को नहीं मानने के लिए दिन में कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोत दी गई। उसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।