भोपाल । 2018 में मिली हार के बाद भाजपा पूरी तरह रणनीतिक मोड में है। इसलिए पार्टी हर स्तर पर मंथन कर रणनीति बना रही है। इसी कड़ी में प्रदेश भाजपा संगठन ने मिशन 2023 की तैयारियां शुरू कर दी है। रविवार को मप्र भाजपा की कोर कमेटी और कार्यसमिति की बैठक में मिशन 2023 की रणनीति पर विचार विमर्श कर आगे की कार्ययोजना बनाई गई। इन बैठकों में निर्णय लिया गया कि शासन, प्रशासन और संगठन में बदलाव कर भाजपा चुनाव में उतरेगी। इसके लिए आगामी दिनों में भाजपा की चिंतन बैठक अमरकंटक में हो सकती है। वहीं सत्ता और संगठन को कसने के बाद अब भाजपा मिशन 103 पर काम करने मं जुटेगी। मिशन 103 पर रणनीति बनाने के लिए भाजपा में एक और बड़ी बैठक होगी। जिसमें हारी हुई विधानसभाओं के प्रभारियों को बुलाया गया है। बैठक में प्रभारियों के फीडबैक पर मंथन होगा। साथ ही कांग्रेस के किलों और अन्य विपक्षी दलों से सीट हथियाने की रणनीति बनेगी। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज सिंह चौहान और हितानंद शर्मा रणनीति तैयार करेंगे।

विपक्षियों की सीटों पर नजर
बता दें कि मध्यप्रदेश की 230 विधानसभाओं में से अभी भाजपा के कब्जे में 127 सीट हैं। वहीं कांग्रेस के कब्जे में 96 सीटें हैं। चार पर निर्दलीय विधायक हैं, जबकि बसपा के पास दो और सपा के कब्जे में एक सीट है। भाजपा की नजर अब इन 103 सीटों पर है। इन सीटों पर कब्जा करने के लिए भाजपा अभी से रणनीति बना रही है।