
डिंडौरी । जिले के जनपद बजाग अंतर्गत ग्राम सिंगपुर में गुरुवार की देर रात एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। हादसे के से घर मे सो रहे छह सदस्य मलबे में दब गए। जानकारी लगने पर आसपास घरों में रह रहे लोगों ने सभी छह सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। दो घायल बच्चों को इलाज के लिए बजाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।जानकारी के मुताबिक ग्राम सिंगपुर निवासी फगुआ सिंह पिता इतवारी अपने पत्नी रामकली और चार बच्चों के साथ खाना खाकर सो गया था। रात लगभग 11 बजे के आसपास अचानक कच्चा घर भरभरा कर गिर गया। मलबे में घर के सभी छह साढ़े दब गए थे। पड़ोसियों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। बताया गया कि दो बच्चे शारदा बाई उम्र दस वर्ष और विष्णु उम्र साथ वर्ष को काफी चोट आई है। दोनों बच्चो को इलाज के लिए बजाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सिंगपुर के सरपंच दीपचंद पुषाम की माने तो फगुआ परस्ते को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास स्वीकृत हो चुका है। पहली किश्त के रूप में 25 हजार रुपये खाते से निकाल भी चुका है। इसके बाद भी आवास का निर्माण नही करवाया गया है। इसकी जानकारी अधिकारियों को भी दी जा चुकी है। फगुआ का मकान जर्जर हो चुका है। इसके बाद भी वह आवास नहीं बनवा रहा है।