झारखंड में सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता की पत्नी को राज्य लोक सेवा आयोग का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही झारखंड लोकसेवा आयोग में फिलहाल स्थाई अध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा, यह स्पष्ट हो गया है। सीएम हेमंत सोरेन ने पार्टी के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी डॉ. अजिता भट्टाचार्य को अध्यक्ष का प्रभार सौंपने का फैसला किया है। वे कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगी। फिलहाल वे आयोग की सदस्य हैं। कार्यकारी अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति का प्रस्ताव कार्मिक विभाग अब राज्यपाल को भेजेगा और उनकी मंजूरी मिलने पर अधिसूचना जारी होगी। 

झारखंड के कार्मिक विभाग ने मुख्यमंत्री सोरेन को नए अध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव दिया था। इसमें अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल, शिशिर कुमार सिन्हा, दिलीप टोप्पो, चंद्रमोहन प्रसाद कश्यप, डॉ माधव शरण सिंह आदि के नाम थे। खंडेलवाल और दिलीप टोप्पो 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सीएम ने डॉ. अजिता भट्टाचार्य के नाम को हरी झंडी दी।