नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (यू.पी. एस.सी.) की ओर से आयोजित की गई 2014 की सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं जिसमें इरा सिंघल को शीर्ष स्थान हासिल हुआ है। कुल 1236 सफल उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। इनमें से 590 सामान्य श्रेणी, 354 ओ.बी.सी., 194 एस.सी., 98 एस.टी. वर्ग के प्रत्याशी हैं। शीर्ष 4 स्थानों पर महिलाओं ने बाजी मारी है।
 
पहले 4 स्थानों पर चयनित प्रत्याशी इरा सिंघल, रेणु राज, निधि गुप्ता व वंदना राव हैं। लड़कों में टॉपर व 5वां स्थान हासिल करने वाले बिहार के सुहर्ष आई.आर.एस. अधिकारी हैं। वहीं महिलाओं की इस सफलता पर पूरा देश वाहवाही कर रहा है।
 
एक महिला के तौर पर इन अधिकारियों की जिम्मेदारियां ओर बढ़ जाएंगी। नियमों के दायरे में रहते हुए राजनीति की छाया से परे रह अपना दायित्तव निभाना सच में चुनौतीपूर्ण बात है। आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल का उदाहरण सबके सामने हैं जिसके सामने भी काफी चुनौतियां थीं।
 
दुर्गा नागपाल ने अपने पद पर रहते हुए अपने दायित्तव को पूरी तरह से निभाया लेकिन फिर भी उनके द्वारा उठाए एक ईमानदारी भरे कदम ने उन्हें राजनीति के कटघरे में खड़ा कर दिया। उनका तबादला तक दिया गया वे लड़ी लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई क्योंकि वह एक महिला थी। सच्चाई की राह पर चलने वाले अधिकारी के लिए राजनीतिज्ञों से लड़ना बहुत मुश्किल होता है और हार कर उसे चुप ही रहना पड़ता है।