लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आजीवन स्वस्थ्य एवं खुश रहने की कामना करते हुए उनके 42वें जन्मदिन पर आज बधाई दी। मोदी ने ट्विटर के माध्यम से दिए बधाई संदेश में उनके दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने संदेश मिलते ही मोदी को धन्यवाद दिया।  अपने जन्मदिन के मौके पर यादव ने पारिजात वृक्ष का रोपण किया, हालांकि उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को उनके जन्मदिन से न जोड़ा जाए क्योंकि आज वन महोत्सव भी है।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को उनकी समाजवादी पार्टी के लोग पूरे प्रदेश में धूमधाम से मना रहे हैं। कई स्थानों पर गरीबों को कपड़े और फल वितरित किए  गए जबकि कई शहरों में पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। यादव को बधाई देने वालों का सुबह से ही उनके सरकारी आवास 5 कालीदास मार्ग पर तांता लगा हुआ है। वह जन्मदिन की बधाई स्वीकार कर लोगों को धन्यवाद दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं को आम जनता की मदद कर पार्टी को और मजबूत बनाने की हिदायतें भी दे रहे हैं।