इंदौर। झाबुआ-रतलाम के सांसद दिलीपसिंह भूरिया का पार्थिव शरीर बुधवार शाम विमान से इंदौर लाया गया। विमानतल पर ही प्रमुख भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार सुबह आठ बजे भूरिया की पार्थिव देह जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर लाई जाएगी। यहां राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत व जुवेल उरांग सहित वरिष्ठ भाजपा नेता श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहां से भूरिया का पार्थिव शरीर उनके गृह नगर झाबुआ के लिए रवाना किया जाएगा।

बुधवार दोपहर झाबुआ के सांसद व वरिष्ठ आदिवासी नेता दिलीपसिंह भूरिया का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। निधन की खबर मिलते ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर सहित अन्य भाजपा नेता तुरंत अस्पताल पहुंचे। शाम को इंदौर विमानतल पर संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महापौर मालिनी गौड, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, विधायक सुदर्शन गुप्ता आदि ने श्रद्धांजलि दी। विमानतल से शव को निजी अस्पताल ले जाया गया।

लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था थी

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा भूरिया ऐसे अनुभवी नेता थे जो जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध थे। उनकी लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था थी । छह बार संसद सदस्य और कई संसदीय समितियों के सदस्य रहे भूरिया मध्यप्रदेश विधानसभा के भी सदस्य रहे। लंबे संसदीय करियर के दौरान भूरिया ने संसदीय संस्थाओं की प्रतिष्ठा और गरिमा को बनाए रखा।