
भोपाल । बैरसिया के ग्राम इमलिया नरेंद्र में सुखलाल यादव ने अपने खेत में नरवाई में आग लगा दी थी। इससे पड़ोसी किसान विशालसिंह मीना के खेत में रखे पाइप एवं फलदार वृक्ष जल गए। विशाल की शिकायत पर पुलिस ने सुखलाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं कटारा हिल्स के आसपास लगे खेतों में भी नरवाई जलाई जा रही है।
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम इमलिया नरेंद्र निवासी विशालसिंह मीना किसान हैं। उन्होंने अपने खेत में फलदार वृक्ष लगा रखे हैं। खेत में सिंचाई के लिए नलकूप से खेत के अलग-अलग क्षेत्र में प्लास्टिक के पाइप भी बिछा रखे हैं। उनके पड़ोस में सुखलाल यादव का खेत लगा हुआ है। हाल ही में सुखलाल ने गेहूं की फसल की कटाई करवाई थी। इसके बाद खेत में मौजूद नरवाई में आग लगा दी। हवा चलने के कारण आग भड़क गई। आगे बढ़कर आग ने विशालसिंह के खेत को भी चपेट में ले लिया। आग से उनके खेत में लगे फलदार पेड़ झुलस गए। साथ ही सिंचाई के लिए बिछाए गए तमाम पाइप भी जल गए। विशालसिंह ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। बता देें कि बैरसिया के ग्राम आजमपुर निवासी कमलसिंह कुशवाहा के पड़ोसी जीवन कुशवाहा ने भी 17 अप्रैल को अपने खेत की नरवाई में आग लगा दी थी। आग कमलसिंह के खेत तक जा पहुंची और उसके खेत की मेढ़ पर लगे पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया था। अगले दिन सुबह कमलसिंह अपने खेत पर पहुंचे तो घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। खजूरी सड़क थाना इलाके के ग्राम पाटनिया में भी 13 अप्रैल को अर्जुन मेवाड़ा ने फसल कटाई के बाद नरवाई में आग लगा थी थी। आग बढ़ते हुए पड़ोसी अंतरसिंह के खेत तक जा पहुंची थी। इससे अंतरसिंह के खेत में बने घर में भी आग लग गई थी। इससे घर में रखा सामान जल गया था। अंतरसिंह की शिकायत पर पुलिस ने अर्जुन मेवाड़ा के खिलाफ आग लगाकर नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया था। ईंटखेड़ी इलाके में भी खेत में आग लगाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो चुकी है।