इंदौर। किसी का दम फूला तो कोई पसीना-पसीना हुआ। आधा किमी तक तो जोश के साथ साइकिल के पैडल मारे, लेकिन जब दम भराने लगा तो साइकिल की रफ्तार धीमी पड़ गई। मौका था पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी करने के विरोध में कांग्रेस की साइकिल रैली का।

विरोध प्रदर्शन के लिए शहर कांग्रेस कमेटी ने 50 साइकिल किराए पर ली थी। कई नेताओं को घर से साइकिल लाने के लिए कहा गया था। रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव खुद साइकिल चला रहे थे, इसलिए दूसरे नेताओं को भी गाड़ियां छोड़ साइकिल चलानी पड़ी। जवाहर मार्ग, राजवाड़ा, कृष्णपुरा छत्री होते हुए रैली राजवाड़ा पहुंची। यहां तक आते-आते यादव का चेहरा पसीने से भीग गया।

एक कार्यकर्ता अपनी साइकिल यादव के साथ चलाने की कोशिश कर रहा था। इस कारण पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा की साइकिल का बैलेंस बिगड़ गया। हालांकि उन्होंने संभलते हुए खुद को गिरने से बचा लिया। विधायक जीतू पटवारी, पूर्व विधायक तुलसी सिलावट, नरेंद्र सलूजा ने संभागायुक्त कार्यालय तक साइकिल चलाई। कांग्रेस नेता अनिल यादव एक दूधवाले की साइकिल लाए थे। पूर्व प्रवक्ता राजेश चौकसे एमजी रोड के बाद एक दोपहिया वाहन पर सवार हो गए। संभागायुक्त कार्यालय के सामने रैली के कारण कुछ देर ट्रैफिक भी जाम हुआ।

प्रदर्शन के बाद भिड़े कांग्रेसी

प्रदर्शन खत्म होने के बाद चंदन नगर क्षेत्र के दो नेता यादव के साथ फोटो खिंचाने लगे तो कांग्रेस नेता रफीक खान ने आपत्ति ली। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में जिन लोगों ने कांग्रेस का काम नहीं किया वो अब प्रदर्शन में आकर नेताओं के सामने झांकी जमाने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरे नेताओं की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

कम्पेल में ली बैठक

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कम्पेल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। यहां उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर कहा कि केंद्र सरकार इस बिल के माध्यम से बड़े लोगों को फायदा पहुंचा रही है। बैठक में सदाशिव यादव, सुरेश पटेल आदि मौजूद थे।