भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पुरजोर आग्रह किया है कि नेपाल की भूकंप त्रासदी से प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिये पूरा प्रदेश 5 मई को प्रात: 11 बजे एक मिनट के लिये थम जाये। समाज के सभी वर्ग, व्यवसाय और संगठन अपनी-अपनी विश्वास पद्धति के अनुसार दिवंगत आत्माओं की शांति के लिये एक मिनट का मौन रखकर प्रार्थना करें। भूकंप पीड़ितों की मदद में सहयोग करें। श्री चौहान आज यहाँ प्रदेश के विभिन्न जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त वीडियो कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति सारे विश्व को एक परिवार मानती है। नेपाल के भूकंप प्रभावितों के प्रति प्रदेशवासियों की भावनात्मक एकता के प्रदर्शन के लिये सभी नागरिक, ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हों। सहयोग की भावना महत्वपूर्ण है। इस विपदा की घड़ी में छोटी से छोटी राशि भी बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि भावना के लोकव्यापीकरण के लिये सभी आवश्यक साधन और सेवाओं का उपयोग किया जाये। तीन और चार मई को नगर और ग्रामीण अंचल में उदघोषणा के जरिए कार्यक्रम की सूचना दी जाये। सभी धर्म, सामाजिक, व्यवसायिक, व्यापारिक संगठनों के प्रमुख और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आम जनता से सहयोग और सहभागिता की अपील की जाये। सभी संगठनों की बैठक कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाये। कार्यक्रम में मीडिया का प्रभावी सहयोग भी लिया जाये। उन्होंने कहा कि संसाधन की उपलब्धता होने पर निर्धारित समय से पूर्व भी साइरन बजाकर मौन के संबंध में आमजन को सजग किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि पीड़ितों की मदद के लिये सहयोग राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष में एकत्रित की जाएगी। यह राशि प्रधानमंत्री सहायता कोष में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्र और वर्ग से पीड़ित मानवता की मदद की संवेदनायें प्राप्त हो रही हैं। जनप्रतिनिधियों, शासकीय अशासकीय संस्थाओं और संगठनों ने मदद की पेशकश भी की है। राज्य शासन द्वारा भी 5 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। मध्यप्रदेश पुलिस साढ़े पांच करोड़ रुपये की सहायता दे रही है। यह कार्यक्रम संवेदनाओं की इन सभी धाराओं को जोड़ने का प्रयास है।

वीडियो कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने गेहूँ खरीदी व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिये खाद्य-आपूर्ति विभाग की सराहना करते हुये कहा कि ओला प्रभावितों की राहत राशि में विलंब को घोर लापरवाही मानते हुये कार्रवाई की जायेगी। कांफ्रेंस के दौरान विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधियों को नेपाल भूकंप पीड़ित के प्रति संवेदना व्यक्त करने और मदद के लिये किये जा रहे कार्यों और आगामी कार्य-योजना की जानकारी दी।

अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास श्रीमती अरुणा शर्मा, अपर मुख्य सचिव गृह श्री बी.पी. सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री अजयनाथ, अपर मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहन्ती, पुलिस महानिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागों के प्रमुख सचिव वीडियो कांफ्रेंस में उपस्थित थे।