भोपाल। राजधानी के चूनाभट्टी क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड अधिकारी को उसके बैंक खाते की केवायसी अपडेट कराने का झांसा देकर सायबर जालसाज द्वारा 17 हजार से अधिक की ठगी किये जानेक का मामला सामने आया है। उधर कोलार इलाके में रहने वाले तीन लोगों को भी अपना शिकार बनाते हुए अलग-अलग जालसाजों ने हजारों की ठगी की है। चूनाभट्टी पुलिस के अनुसार सागर गार्डन कॉलोनी में रहने वाले महेशचंद्र गुप्ता रिटायर्ड अधिकारी हैं। बीती 28 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक जालसाज ने फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते की केवायसी अपडेट नहीं कराने पर उनका खाता बंद कर दिया जायेगा। फरियादी ने जालसाज से केवायसी अपडेट कराने की जानकारी ली तब शातिर ने कहा कि आप वृद्ध हैं, इसलिए आप अपने बैंक खाते संबंधी जानकारी बता दीजिए, मैं ऑनलाइन केवायसी अपडेट कर देता हूं। जालसाज के झांसे में आए फरियादी ने ठग को उसके द्वारा मांगी गई सारी जानकारी दे दी। बाद में देखा तो उनके बैंक खाते से 17 हजार 420 रुपए कट चुके थे। वहीं कोलार की कॉवेरी कॉलोनी में रहने वाले मुरलीधर गौड़ को जालसाज ने फोन कर झांसे में लेकर खाते से करीब 25 हजार रुपए निकाल लिए। इसी तरह वरुण नगर निवासी दिव्यांशी अग्रवाल पत्नी मुकेश अग्रवाल के खाते से जालसाजों ने ऑनलाइन 37 हजार रुपए निकाल लिए हैं। उधर कोलार थाना क्षेत्र के सनखेड़ा निवासी कुंदन सिंह के खाते से भी जालसाज ने नौ हजार से अधिक की रकम निकाल ली। पुलिस ने सभी मामलों में धोखाधड़ी के अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर ठगो की सुरागशी के प्रयास शुरू कर दिये है।





