अंबिकापुर। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में अंबिकापुर के अजेश सिंह सेंगर व लेनिन वत्सल टोप्पो ने सफलता हासिल की है। दोनों की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल से हुई। दोनों ने एक साथ स्कूली शिक्षा ग्रहण की थी और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में भी उन्होंने एक साथ सफलता हासिल की है।
सूरजपुर जनपद पंचायत के सीईओ व नमनाकला अंबिकापुर निवासी राजेश सिंह सेंगर के पुत्र अजेश सिंह सेंगर ने संघ लोक सेवा आयोग की चयन परीक्षा में सफलता अर्जित कर 254 वां रैंक हासिल किया है। अजेश की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर में हुई है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र एनआइटी से सिविल इंजीनियरिंग करने के बाद उनका चयन सीआइएसएफ में कमांडेंट के रूप में हुआ था। फिलहाल वे हैदराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
आइएएस बनने के लिए वे यूपीएससी की तैयारी में भी लगे थे। उन्होंने तीसरे प्रयास में 2020 के परीक्षा में 254 वां रैंक हासिल किया है। दूसरी ओर लेनिन वत्सल टोप्पो ने भी परीक्षा में 381 वां रैंक हासिल किया है। उनकी भी प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के कार्मेल कान्वेंट में हुई है। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के एनआइटी में बीटेक करने के बाद यूपीएससी की तैयारी दिल्ली में कर रहे थे। उन्होंने भी सिविल सर्विसेज 2020 की इस परीक्षा में 381 वां रैंक हासिल किया है।