रायपुर। रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त रहे पुलक भट्टाचार्य का तबादला राज्य शासन ने बिलासपुर कलेक्टोरेट में संयुक्त कलेक्टर के पद पर किया गया। शुक्रवार को निगम मुख्यालय भवन के सामान्य सभा सभागार में दो साल चार महीने तक निगम में अपर आयुक्त रहे पुलक भट्टाचार्य को भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि समाज में व्यक्ति के कार्य का सबसे अधिक सम्मान होता है। पुलक जी की पहचान उनके कार्य की वजह से है।
कोरोना संकटकाल में निगम ने अग्रणी भूमिका निभाई। इसमें पुलक भट्टाचार्य का काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोरोना से मृत लोगों के अंतिम संस्कार का जब अवसर आया तो मारवाडी श्मशानघाट में तीन हजार लोगो ने पुलक भट्टाचार्य को घेर लिया था, उन्होने उनकी समस्या का समाधान कर अंत्येष्ठि करवाने का दायित्व पूरा किया। उनके नेतृत्व में निगम ने इस साल रिकार्ड 160 करोड़ रूपये का राजस्व अर्जित किया।
महापौर ने कहा कि वे चाहते थे कि भट्टाचार्य रायपुर नगर निगम में सेवाएं देते रहें। उनके जाने से न्यायधानी बिलासपुर शहर में भी विकास की गंगा तेजी से बहेगी ऐसा उनके कार्यो के कारण विश्वास है।निगम आयुक्त प्रभात मलिक ने कहा कि पुलक भट्टाचार्य जैसे अधिकारी परिस्थितियों से कभी नहीं हारते, बहुत बड़ी ढाल हुआ करते हैं। उनके बिलासपुर में पदस्थ होने का काफी लाभ मिलेगा। वे समस्याओं को अपने स्तर पर सुलझा लेते थे।
पुलक भट्टाचार्य का तबादला बिलासपुर कलेक्टोरेट में संयुक्त कलेक्टर के पद पर हुआ
आपके विचार
पाठको की राय