रांची| पिछले 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश से झारखंड तरबतर हो गया है। लगातार बारिश से जहां धान के फसल लहलहा गए हैं वहीं सब्जी उत्पादकों के चेहरे पर मायूसी है। वहीं राज्य के नदी व डैम खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गए हैं। कई जिलों में तटबंध टूट गए हैं। 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश 89.7 मिमी हजारीबाग में हुई। उसके बाद धनबाद में 80 मिमी और कोडरमा 71 मिमी दर्ज की गई। रांची में 30 मिमी बारिश हुई।
तेज हवा के साथ बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ी है। रांची में 48 घंटे में पारा 8 डिग्री गिरा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, बुधवार दोपहर से बारिश का असर कम हो जाएगा। गुरुवार से रांची समेत कई जिलों में आसमान साफ होने और धूप खिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक विश्वकर्मा पूजा तक आसामान पूरी तरह साफ होने के आसार हैं।
भिंडी, टमाटर, धनिया, गोबी आदि सब्जियों के पौधे गल रहे
किसानों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए वरदान है, जबकि सब्जी उत्पादकों के लिए चिंताजनक। रिमझिम बारिश होने से खेतों में लगी धान की फसल को प्राण वायु मिलेगी। उनके फूट चुके और फूट रहे अंकुर मजबूत होंगे। वहीं खेतों में पानी जमने से भिंडी, टमाटर, धनिया, गोबी आदि सब्जियों के पौधे गल रहे हैं।
धान के फसल लहलहाए तो सब्जी उत्पादकों के चेहरे पर छाई मायूसी:आज भी जारी रहेगी बारिश
आपके विचार
पाठको की राय