लखनऊ| अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली या अमेठी की किसी सीट से मैदान में उतर सकती हैं। यदि ऐसा हुआ तो प्रियंका, गांधी परिवार की पहली सदस्य होंगी जो विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। इससे पहले परिवार के सभी सदस्यों ने सिर्फ लोकसभा चुनाव लड़ा है। प्रियंका की पहली पसंद अमेठी है, क्योंकि वहां राहुल गांधी की हार का बदला लेने के लिए अमेठी में लोकसभा चुनावों की जमीन तैयार करेंगी। जिससे स्मृति ईरानी को 2024 के लोकसभा चुनावों में चुनौती दी जा सके।
प्रियंका के चुनाव के लिए कांग्रेसियों ने कसी कमर
प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने या ना लड़ने को लेकर खुद कोई संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन प्रियंका गांधी के ऑफिस की तरफ से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए रायबरेली और अमेठी के डेटा जुटाए जा रहे हैं।
रायबरेली या अमेठी ही क्यों?
2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव हार जाने के बाद वहां गांधी परिवार का दबदबा कम हुआ है। वहीं, कांग्रेस चेयरपर्सन सोनिया गांधी की अस्वस्थता के चलते रायबरेली में भी जनता की गांधी परिवार से कनेक्टिविटी कम हुई है।
चुनाव लड़ने से अमेठी और रायबरेली क्षेत्र की जनता के साथ नए सिरे से संबंधों को मजबूती मिल सकती है। रायबरेली और अमेठी बरसों से नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ रहा है। प्रियंका इस रिश्ते को कमजोर नहीं होने देना चाहती हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद तो औपचारिक रूप से कह चुके हैं कि यूपी विधानसभा चुनावों में प्रियंका कांग्रेस का चेहरा होंगी।