मुंबई में लोगों को मास्क लगाने के लिए कहने को मुंबई महानगरपालिका ने जगह-जगह फील्ड मार्शल तैनात किए हैं। ऐसे ही एक क्लीन-अप मार्शल को मास्क पहनने के लिए एक शख्स को बोलना भारी पड़ गया। शख्स ने उसे अपनी कार के बोनट पर टांगकर काफी दूर तक सड़क पर घुमाया। 2 सितंबर को हुई इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। एक सप्ताह बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

कार वाले ने कुचलने की कोशिश की
यह घटना मुंबई के सांताक्रुज इलाके की है। यहां बिना मास्क के एक शख्स कार चला रहा था। उसे देख सुरेश नाम के मार्शल ने चालान काटने के लिए उसकी गाड़ी को हाथ दिया। इसके बावजूद वह रुका नहीं और मार्शल पर कार चढ़ाने की कोशिश की। मार्शल फुर्ती दिखाते हुए कार के अगले हिस्से पर लटक गया। उसकी जान तो बच गई, लेकिन कार में सवार ड्राइवर ने गाड़ी रोकी नहीं और काफी दूर तक मार्शल को घसीट कर ले गया। अच्छी बात यह है कि सुरेश को चोट नहीं आई है।

वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज
मुंबई में बिना मास्क के बाहर निकलने पर 200 रुपए का जुर्माना BMC की ओर से लगाया गया है। सुरेश ने बताया कि उसने गाड़ी को रोकने का बहुत प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। वीडियो सामने आने के बाद सांताक्रूज पुलिस ने सोमवार को अज्ञात शख्स के खलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के पास आरोपी की गाड़ी का नंबर है, लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है।