दक्षिण गुजरात में लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश हुई। मंगलवार दोपहर 2 से 5 बजे के बीच तीन घंटे के दौरान पौने चार इंच बारिश हुई। इससे शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया। तीन घंटे लगातार बारिश होती रही। इस 93 मिमी बारिश से अब तक सीजन में पानी बरसने का आंकड़ा 1093 मिमी पर पहुंच गया है।

सूरत शहर में हर साल औसतन 1411 मिमी बारिश होती है। सोमवार सुबह 6 से 9 बजे तक 3 घंटे में साढ़े तीन इंच बारिश हुई थी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री, न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का प्रमाण 98 फीसदी दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिम दिशा से 6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली।