
बैतूल में दो मासूम बच्चों की जान गांव की ही एक महिला ने ली। महिला ने मां और उसकी 2 साल की बेटी को कुएं धक्का देने के बाद 4 साल के बेटे को भी फेंक दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचा लिया, लेकिन बच्चे पानी में डूब गए। पानी ज्यादा होने की वजह से बच्चों को तत्काल नहीं निकाला जा सका। घटना के 17 घंटे बाद बुधवार सुबह 11 बजे जब कुएं का पानी खाली कराया गया तब बच्चों के शव मिले। पुलिस विवाद की असली वजह पता कर रही है। आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
घटना जिले के चिचोली थाना के कान्हे गांव में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे की है। पुलिस को सूचना मंगलवार रात साढ़े नौ बजे दी गई। पुलिस के मुताबिक, संगीता (25) अपने बेटे अंशु और बेटी अनन्या को लेकर बाजार से लौट रही थी। रास्ते में उसे गांव की ही पिंकी (25) मिली। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।
मां की गोद में थी बेटी, बाद में मासूम को भी फेंका
बहस इतनी बढ़ गई कि पिंकी ने संगीता को कुएं में धक्का दे दिया। जिस समय संगीता को धक्का दिया गया, उस दौरान उसकी गोद में अनन्या भी थी। इस वजह से मां-बेटी दोनों कुएं में गिर गए। इसके बाद पिंकी ने अंशु को भी कुएं में फेंक दिया।
घटना के बाद संगीता की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल संगीता को कुएं से निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चे गहरे पानी में डूब गए। रात भर ग्रामीण कोशिश करते रहे, लेकिन बच्चों को नहीं निकाल पाए।
चिचोली थाना TI अजय सोनी ने बताया कि दोनों बच्चों के शव निकाल लिए गए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद पीड़ित महिला को घर भेज दिया गया है। आरोपी पिंकी को भी हिरासत में ले लिया है। घटना के वजहों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।