
अयोध्या। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए एक ही गुरुमंत्र है और वह है कि विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़े तो उन्हें आसानी से सत्ता से बाहर किया जा सकता है। राम मंदिर ट्रस्ट पर लगे आरोपों पर शिवपाल यादव ने कहा कि समर्पण निधि की एक-एक पाई का हिसाब होना चाहिए। शिवपाल सिंह यादव रविवार को अयोध्या पहुंचे और हनुमान गुफा मंदिर में संतों से की मुलाकात की और संतों से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि हमने 2 साल पहले एक गैर भाजपा वाद का एक नारा दिया था और सभी पार्टी इकट्ठा होकर भारतीय जनता पार्टी को हटाने के लिए भी प्रयास करें तो आसानी से सत्ता से बाहर किया जा सकता है।
राम मंदिर जमीन खरीद पर शिवपाल ने कहा कि राममंदिर निर्माण के लिए संपूर्ण देश की जनता ने अपना समर्पण किया है, एक-एक पाई का हिसाब होना चाहिए। इस संपूर्ण मामले की निष्पक्ष संस्था के द्वारा जांच की जानी चाहिए। भाजपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल ने नोटबंदी के दरमियान बहुत ही पैसे एकत्रित किए हैं। उनके पास पैसे की कोई कमी नहीं है बावजूद उसके राम मंदिर के लिए उन्होंने अभियान चलाकर चंदा लिया है। भाजपा पर हमलावर बहुत होते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण देश के खजाने का बुरा हाल हुआ है। पूरे देश की अर्थव्यवस्था चरमराई है। जिसका सीधा असर जनता पर पड़ रहा है। पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद पर पर्चा न दाखिल कर पाने वालों पर भी बोले शिवपाल सिंह यादव कहा सत्ता का दुरुपयोग हुआ है। चुनाव निष्पक्ष नहीं कराया गया है। इटावा में सपा को प्रगतिशील सपा ने अपना समर्थन दिया था। जिसका कारण रहा कि इटावा में भाजपा को केवल एक सीट मिली है। अयोध्या के विकास के लिए विजन डॉक्यूमेंट को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अभी तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कोई भी वादा पूरा नहीं कर पाए हैं। केवल झूठा वादा करते रहे हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि यदि सभी पार्टियां इकट्ठे नहीं होती तो फिर सभी 403 सीटों पर समाजवादी प्रगतिशील पार्टी चुनाव लड़ेगी। सरकार बनाएगी। हम इसके लिए बूथ स्तर पर तैयारी कर रहे हैं।