मैनपुरी अजीतगंज। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बसावनपुर में संपत्ति के लालच में ससुर की फावड़ा से गला काटकर हत्या करने के आरोपी दामाद को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने निशानदेही पर बरामद किया। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेजा गया है। 
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बसावनपुर निवासी हरप्रसाद (71) की बड़ी पुत्री पूजा का पति मोर सिंह अपने ससुर की संपत्ति को हासिल करना चाहता था। उसकी गलत आदतों से परेशान हरप्रसाद उसे संपत्ति नहीं देना चाह रहे थे। वह संपत्ति को छोटे दामाद व पुत्री के नाम करने की बात कह रहे थे। इसी बात से गुस्साए दमाद मोर सिंह ने 21 जून की रात सोते समय ससुर की फावड़ा से गला काटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि हुसैनपुर चौराहा के पास से मोर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया गया है। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेजा गया है।