अहमदाबाद | गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने आम आदमी पार्टी (आप) को भाजपा की बी टीम बताया है और कहा कि आप में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं है| आप में शामिल होने की अटकलों पर पूर्णविराम लगाते हुए हार्दिक पटेल ने कहा कि भाजपा, आप की मदद करती है और आप में शामिल होने की बातें मनगढ़ंत हैं| उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी अफवाहें चलाकर गुजरात की जनता को गुमराह कर रही है| गुजरात में एक मात्र कांग्रेस ही ऐसी जो भाजपा को परास्त करने में सक्षम है| यही वजह है कि आप को भाजपा सामाजिक और आर्थिक मदद कर रही है| हार्दिक पटेल ने दावा किया कि आगामी दिनों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर सत्ता पर काबिज होगी| हार्दिक पटेल के बयान पर पलटवार करते हुए आप के गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया ने कहा कि ऐसे बयान देना हार्दिक पटेल की मजबूरी है| ऐसा नहीं करेंगे तो राहुल गांधी की नजरों में नहीं आएंगे| कौन किससे मुकाबला करने में सक्षम है यह तो जनता तय करेगी| उन्होंने कहा कि गुजरात में प्रतिष्ठित लोग आप से जुड़ रहे हैं| अब तक सभी भाजपा से जुड़ते थे, लेकिन पहली बार भाजपा को छोड़ दूसरी पार्टी में आ रहे हैं| भाजपा से आर्थिक मदद को आश्चर्यजनक करार देते हुए इटालिया ने कहा कि आप के पास अच्छा कार्यालय नहीं है, चुनाव लड़ने के लिए फंड नहीं है और भाजपा जैसी भव्यता नहीं है| इसके बावजूद यदि कोई ऐसा बयान देता है तो वह हास्यास्पद है|