नई दिल्ली ।  अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला सोमवार से शुक्रवार तक लगातार चार ‎दिन जारी रहा। इससे अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में पिछले चार दिन में 13.2 अरब डॉलर यानी करीब 97852 करोड़ रुपए की गिरावट आई है। उनकी नेटवर्थ अब 65.5 अरब डॉलर रह गई है और वह एशिया में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अडानी की नेटवर्थ जितनी तेजी से बढ़ी थी, उससे ज्यादा तेजी से गिर रही है। इस हफ्ते दुनिया के किसी दूसरे अरबपति के मुकाबले अडानी के नेटवर्थ में सबसे अधिक गिरावट आई है। कुछ समय पहले तक वह एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के काफी करीब पहुंच गए थे। तब लग रहा था कि वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन से आगे निकल जाएंगे लेकिन एक रिपोर्ट ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि एनएसडीएल ने तीन विदेशी फंड्स के खाते फ्रीज कर दिए हैं। इनके पास अडानी ग्रुप की 4 कंपनियों के 43,500 करोड़ रुपये के शेयर हैं। हालांकि अडानी ग्रुप ने इसका खंडन किया है, लेकिन इस खुलासे के बाद से अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई है। शुक्रवार को भी उनकी 6 कंपनियों में से 3 के शेयरों में करीब 5 फीसदी की गिरावट के बाद फिर से लोअर सर्किट लग गया है। ग्रुप की सबसे मूल्यवान कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में इस हफ्ते 12.4 फीसदी गिरावट आई है।