
जबलपुर। बूंदाबांदी के बाद धूप निकलने की वजह से एक बार फिर उमस भरी गर्मी से जनजीवन परेशान होने लगा है। हालांकि राहत भरी खबर यह है कि अगले २४ घंटों के दौरान कहीं कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। तापमान भले ही औसत से नीचे चल रहा है लेकिन बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं से उमस बढ़ गई। तमिलनाडु से लेकर मध्यप्रदेश तक कम दबाव की रेखा बनने से बारिश के आसार बन गए।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जबलपुर में मानसून १७ से २० जून के बीच प्रवेश करेगा। इस दौरान प्री-मानसून गतिविधियां शुरु रहेगी। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी का अहसास हो रहा है। औसत से ९ डिग्री नीचे उतरा पारा अब ३ डिग्री पायदान नीचे आकर थम गया है और हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से तापमान उछाल मार रहा है। पश्चिमी विक्षोप की वजह से बादलों की आवाजाही बनी रही जिससे मौसम में उमस बढ़ी। पिछले २४ घण्टों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ३७.५ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ३ डिग्री कम रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान २४.३ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ४ डिग्री कम रिकार्ड किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ६७ प्रतिशत और सायंकाल ४९ प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह ५.२४ बजे और सूर्यास्त शाम ६.५५ बजे हुआ। मौसम कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणी पश्चिमी हवा ४ से ५ किलोमीटर प्रति रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और मौसम शुष्क बना हुआ है। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम ३५.८ और न्यूनतम २४.५ दर्ज किया गया था। प्रदेश में सर्वाधिक ४० डिग्री तापमान रायसेन जिले में दर्ज किया गया। अगले २४ घण्टों के दौरान संभाग के कुछ स्थानों पर बूंंदाबांदी हो सकती है। पिछले २४ घंटों के दौरान ०.१ मिलीलीटर वर्षा दर्ज की गई। १ जून से अब तक वर्षा ४.५ मिलीलीटर दर्ज की जा चुकी है।