नई दिल्ली : हरियाणा और महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती रविवार को होगी। दोनों राज्यों में भाजपा को मिले अच्छे रुझान को देखते हुए पार्टी गद्गद् है। यही कारण है कि रविवार को पार्टी दिल्ली में होली और दीवाली एक साथ मनाने की तैयारी में है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लिए यह पहली अग्रि परीक्षा थी।

रुझानों के मुताबिक इस अग्नि परीक्षा में दोनों नेता पास भी होते हुए दिख रहे हैं। इन दोनों राज्यों में जबरदस्त जीत का अंदेशा मिलने के बाद से ही पार्टी ऐतिहासिक जश्न मनाने की तैयारी में है। इसके लिए रविवार को दिल्ली के अशोक रोड स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में जबरदस्त तैयारी की गई है। रविवार को पार्टी के सभी आला नेता पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे।
 
सूत्रों की मानेंतो रविवार की देर शाम उच्च स्तरीय बैठक भी होने की संभावना है जिसमें दोनों राज्यों पर चर्चा होगी। बाद में केंद्रीय समिति की बैठक में मुख्यमंत्रियों के नाम का फैसला होगा। दोनों राज्यों में 15 अक्तूबर को मतदान हुआ था। मतदान होने के साथ ही दोनों राज्यों के दिग्गज नेता दिल्ली पहुंच गए हैं। इसमें दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री के दावेदार भी पहुंचे हुए हैं। हालांकि भाजपा रिजल्ट के बाद ही फैसला लेगी कि हरियाणा और महाराष्ट्र में किसे मुख्यमंत्री बनाया जाए।