दिग्गज अभिनेता आशुतोष राणा ने हाल ही में एक बातचीत में युवाओं और उनके आंदोलनों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। अभिनेता का यह बयान भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत द्वारा नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दिए गए तीखे वक्तव्य के बाद आया है। आइए जानते हैं आशुतोष राणा ने इस पूरे मामले पर क्या कहा…

भाषा ही तय करती है आपका सम्मान और अपमान

आशुतोष राणा ने एक विशेष बातचीत में कंगना रनौत के बयान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, "हाथी की सवारी का गौरव आपके शब्दों से ही तय होता है, और उन्हीं शब्दों व विचारों से आप उसी हाथी के पैरों तले कुचले जाने की सजा को भी न्योता दे देते हैं। हमारे शब्द हमारे सम्मान के प्रतीक होते हैं, ठीक उसी तरह वे हमारे अपमान की वजह भी बन सकते हैं। इसीलिए, किसी भी स्थिति में हमें अपनी बोली और भाषा के प्रति बेहद सतर्क रहना चाहिए।"

कंगना ने प्रदर्शनकारियों को कहा था 'भद्दा और घिनौना'

गौरतलब है कि अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत ने नीट यूजी परीक्षा 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले में सड़क पर उतरे छात्रों की आलोचना करते हुए विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, "मैंने जीवन में कभी भी एक जगह इतनी भद्दापन नहीं देखा। इन जेन-जी (युवा पीढ़ी) के विरोध प्रदर्शन की रील्स देखकर घिन आती है। जिस तरह यह लोग बात कर रहे हैं और जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वैसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा। हर एक फ्रेम बहुत ही अजीब और भद्दा है।" आगे अपने बयानों में कंगना ने युवाओं को बेहद आपत्तिजनक शब्द भी कहे थे।

आशुतोष राणा का वर्कफ्रंट

अभिनेता आशुतोष राणा जल्द ही अपनी पत्नी रेणुका शहाणे के निर्देशन में बन रही एक डार्क कॉमेडी फिल्म में अभिनय करते दिखाई देंगे। इसके अलावा, मंच नाटक 'हमारे राम' में रावण की उनकी भूमिका को दर्शकों ने काफी सराहा है। हाल ही में वह ओटीटी सीरीज 'मर्डर इन माहिम' में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आए थे।