सनातन परंपरा में चातुर्मास को साधना, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का सबसे महत्वपूर्ण काल माना जाता है. हिंदू और जैन धर्म में इन चार महीनों का विशेष महत्व है. इस दौरान श्रद्धालु पूजा-पाठ, जप-तप, दान, व्रत, ध्यान और आत्मशुद्धि के माध्यम से ईश्वर की आराधना करते हैं. हिंदू पंचांग के अनुसार चातुर्मास की शुरुआत आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से होती है और इसका समापन कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर होता है.

वर्षा ऋतु से जुड़ा है चातुर्मास का ऐतिहासिक महत्व
अयोध्या के विद्वान वरुण दास बताते हैं कि चातुर्मास केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित करने का भी अवसर है. प्राचीन समय में वर्षा ऋतु के दौरान बड़ी नदियों में बाढ़ आ जाती थी और पुलों तथा संसाधनों का अभाव होने के कारण लंबी यात्राएं कठिन होती थीं. इसी वजह से साधु-संतों और संन्यासियों को एक स्थान पर रहकर साधना करने का नियम बनाया गया.

इन चार महीनों में आते हैं कई प्रमुख धार्मिक पर्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और देवउठनी एकादशी पर पुनः जागते हैं. इस बीच आने वाले चार महीनों में अनेक प्रमुख पर्व मनाए जाते हैं. इनमें श्रावण मास, सावन सोमवार, झूलनोत्सव, नाग पंचमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, अनंत चतुर्दशी, पितृपक्ष, शारदीय नवरात्र और कार्तिक मास की विशेष साधनाएं शामिल हैं. इसलिए यह पूरा काल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जाता है.
रामचरितमानस में भी मिलता है चातुर्मास का उल्लेख
वरुण दास बताते हैं कि भगवान श्रीराम ने भी वर्षा ऋतु के दौरान एक स्थान पर रहकर समय व्यतीत किया था. इसका उल्लेख गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के किष्किंधा कांड में किया है. वर्षा ऋतु के वर्णन में तुलसीदास बताते हैं कि घनघोर वर्षा के बीच यात्रा कठिन होती है और शरद ऋतु आने के बाद ही आगे प्रस्थान करना उचित माना गया. इसी कारण चातुर्मास को स्थिर होकर साधना और भक्ति का समय कहा गया है.
संत-महात्मा एक स्थान पर रहकर करते हैं साधना
चातुर्मास के दौरान विशेष रूप से डंडी संन्यासी और अनेक संत-महात्मा एक ही स्थान पर निवास करते हैं. वे भ्रमण छोड़कर जप, तप, प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों में समय व्यतीत करते हैं. इस अवधि में श्रद्धालु भी सात्विक भोजन, संयमित जीवन और सेवा-भाव अपनाने का संकल्प लेते हैं.
जप, तप और दान का मिलता है कई गुना पुण्य
धार्मिक मान्यता है कि चातुर्मास में किया गया जप, तप, दान, व्रत और सेवा सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक पुण्यदायी मानी जाती है. यही कारण है कि सनातन परंपरा में इन चार महीनों को आत्मचिंतन, साधना और आध्यात्मिक उन्नति का सर्वोत्तम समय माना गया है.