कानपुर|उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्थित प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के एक प्रोफेसर पर उनकी ही पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संस्थान में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत पत्नी ने अपने पति पर घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और विवाह की पवित्रता को भंग करने का आरोप दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उनके पति के संबंध पहले एक पीएचडी छात्रा के साथ रहे हैं और वर्तमान में संस्थान की ही एक अन्य महिला प्रोफेसर के साथ उनके नजदीकी संबंध हैं। विरोध करने पर आरोपी प्रोफेसर द्वारा उन्हें और उनके बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
कल्याणपुर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
आईआईटी कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ कॉग्निटिव साइंस में असिस्टेंट प्रोफेसर अन्वेष्णा श्रीवास्तव ने कानपुर की कल्याणपुर पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका विवाह 14 दिसंबर 2012 को प्रो. निशीथ श्रीवास्तव के साथ हुआ था, जो कि संस्थान के डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में प्रोफेसर हैं। दंपति के दो बच्चे भी हैं।
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2025 में उन्हें पता चला कि उनके पति के संबंध संस्थान की ही एक महिला प्रोफेसर के साथ हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो प्रोफेसर पति ने उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि पति ने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2022 में उनके संबंध पीएचडी की एक छात्रा के साथ भी रहे थे।
जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
पीड़ित प्रोफेसर पत्नी ने आरोप लगाया कि पति ने गुस्से में शादी की तस्वीर को हथौड़े से तोड़ दिया और उनके गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। फरवरी 2026 से आरोपी प्रोफेसर कैंपस में ही दूसरा आवास लेकर अलग रहने लगे। आरोप है कि बीते नौ महीनों में उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
यहां तक कि पति ने उनके और अपनी अंतरंगता के निजी ब्यौरे ई-मेल के जरिए अपने साथी वकीलों को भी साझा किए, जिससे उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ा और उन्हें दौरे पड़ने लगे। चार जुलाई की रात जबरदस्ती करने का प्रयास करने और घर के अंदर हर कोने में जबरन सीसीटीवी कैमरे लगाकर पत्नी और दोनों नाबालिग बच्चों की निगरानी करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस का पक्ष
डीसीपी पश्चिमी एसएम कासिम आबिदी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया जाएगा और उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी प्रोफेसर की सफाई
दूसरी ओर, इस हाई-प्रोफाइल मामले के तूल पकड़ने पर आरोपी प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पत्नी एक बेहद समझदार और तार्किक महिला हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि पुलिस जांच के दौरान इन शिकायतों और आरोपों की वास्तविक वजह खुलकर सामने आ जाएगी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि इस संवेदनशील मामले को बिना पुष्टि के सनसनीखेज न बनाया जाए।-





