आगरा । आगरा में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर के बाथरूम में दफना कर उस पर नया फर्श बनवा दिया। करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और परिवार व पुलिस को गुमराह करती रही। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब महिला के जेठ ने उस पर शक कर सख्ती से बात की, जिसके बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रूबी ने 17 मई की रात अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) को खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं, जिससे पति की मौत हो गई। रूबी ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीकर मारपीट करता था, जिससे वह परेशान थी और इसकारण पति की हत्या का यह प्लान बनाया। पति की मौत के बाद, रूबी ने सबसे पहले अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन कर सास और बच्चों को घर से दूर भेजने के लिए पुलिस केस का झूठ बोला। इसके बाद, सुरेंद्र के शव को कमरे से खींचकर बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदा और दफना दिया। सबूत मिटाने के लिए आरोपी रुबी ने मजदूरों से बाथरूम में नया फर्श बनवा दिया और इस दौरान कुछ दिनों के लिए खुद भी राजस्थान चली गई।
सुरेंद्र की गुमशुदगी के बाद रूबी 45 दिनों तक पुलिस के साथ मिलकर पति की खोजबीन का नाटक करती रही और रोने का ढोंग भी करती थी। हालांकि, उसके जेठ अनिल को रूबी के व्यवहार पर संदेह हो रहा था। शुक्रवार को अनिल ने रूबी को समझाया और भरोसा दिलाया कि वह उस बचाएगा, जिसके बाद रूबी टूट गई और हत्या का पूरा सच उजागर कर दिया। अनिल की सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बाथरूम का फर्श तोड़ा। गड्ढे से सुरेंद्र का सिर्फ कंकाल बरामद हुआ, क्योंकि शव पूरी तरह गल चुका था।
सुरेंद्र शर्मा मूल रूप से भरतपुर, राजस्थान के रहने वाले थे और आगरा में सिकंदरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में अपनी पत्नी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे। उनकी शादी 2010 में इटावा निवासी रूबी से हुई थी। पुलिस ने बताया कि 26 मई को सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच में पत्नी द्वारा हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है और बरामद कंकाल की फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी।
पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन उसी बाथरुम का इस्तेमाल करती रही
आपके विचार
पाठको की राय





