गोरखपुर । उत्तरप्रदेश में पुलिसकर्मी लगातार लोगों की सेवा कर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। ताजा मामला गोरखपुर से सामने आया है। यहां एक पीआरवी के जवान ने अपना ब्लड देकर एक महिला की जान बचा ली है। दरअसल, अस्पताल में एक महिला का ऑपरेशन चल रहा था। अचानक उसे ब्लड की जरूरत पड़ गई। इसके बाद परेशान पति ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर लोगों से ब्लड के लिए मदद मांगी। इस बीच गोरखपुर के एक पीआरवी जवान की नजर उस पोस्ट पर पड़ गई। फिर उसने इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी और अनुमति मिलते ही ब्लड देने अस्पताल पहुच गया। गंभीर स्थिति में महिला को वक्त रहते ब्लड मिल गया और उसकी जान बच गई। अब पुलिस जवान की हर तरफ तारीफ हो रही है।
जानकारी के मुताबिक बिहार राज्य के रहने वाले रतन कुमार की पत्नी का गोरखपुर शहर के डॉक्टर अभिजीत सरकारी के वहां शुक्रवार की रात आपरेशन चल रहा था। इस बीच डॉक्टर ने रतन से तत्काल ब्लड का इंतेजाम करने को कह दिया। चूंकि गोरखपुर में उनका कोई परिचित नहीं था ऐसे में वह काफी परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर लोगों से ब्लड के लिए मदद की गुहार लगाई। कुछ ही देर में लोगों ने पोस्ट को शेयर करना शुरू कर दिया और इस बीच गोरखपुर डायल 112 पीआरपी 3882 के कांस्टेबल शिवाम्बुज कुमार पटेल की नजर पोस्ट पर पड़ी। शिवाम्बुज ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और बिना देर किए ब्लड देने पहुंच गए। गंभीर हालत में महिला को वक्त रहते ब्लड चढ़ने लगा और उसकी जान बच गई। अब जवान का महिला के पति और उनके परिवार के लोगों ने आभार व्यक्त किया है।