
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में पंद्रह अक्टूबर को मतदान से पहले किए गए सर्वे में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 288 में से 154 सीटें मिलने का अनुमान जाहिर किया गया है। हालांकि मुख्यमंत्री प्रत्याशी के रूप में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे पहली पसंद हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज मुख्यमंत्री पद के लिए दूसरी पसंद हैं, जबकि उनकी पार्टी कांग्रेस को मात्र 25 सीटें मिलने की संभावना जाहिर की गई है। यह सर्वे द वीक और हंसा रिसर्च ने संयुक्त रूप से किया है।
सर्वे के मुताबिक प्रतिशत के लिहाज से भाजपा को 36.50 प्रतिशत, शिवसेना को 17.10 प्रतिशत और कांग्रेस को 11.97 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। सर्वे में सबसे खराब स्थिति शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की है। उसे सिर्फ 17 सीटें और 5.85 फीसद वोट ही मिलने की संभावना है।
शरद पांचवें नंबर पर
शरद पवार मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद के रूप में पांचवें नंबर पर हैं। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता राज ठाकरे और भाजपा के देवेंद्र फड़नविस का नाम है।
शिवसेना दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
शिवसेना दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है। उसे 47 सीटें मिलने का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक एमएनएस को 10 सीटें मिल सकती हैं। उसका वोट प्रतिशत 5.11 प्रतिशत रह सकता है।
निर्दलीयों को 20 सीटें
सर्वे के मुताबिक निर्दलीयों को 20 सीटें मिल सकती हैं। वोट प्रतिशत 4.71 प्रतिशत रह सकता है। अन्य दलों को 15 सीटें मिलने का अनुमान है। वोट प्रतिशत 6.79 प्रतिशत रह सकता है।
कुल सीटें : 288
पार्टी सीटें वोट प्रतिशत
भाजपा गठबंधन 154 36.50
शिवसेना 47 17.10
कांग्रेस 25 11.97
राकांपा 17 5.85
एमएनएस 10 5.11
निर्दलीय 20 4.71
अन्य 15 6.79