
तिघरा थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव की घटना
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
ग्वालियर शादी के एक साल बाद महिला ससुराल से भागकर प्रेमी के घर पहुंच गई। यहां परिवार उसकी तलाश कर रहा था। उधर, महिला ने प्रेमी के घर में फांसी लगा ली। घटना के समय प्रेमी बाइक में पेट्रोल भरवाने गया था। घटना मंगलवार सुबह तिघरा थानाक्षेत्र के रामपुरा गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही, मृतका का पिता और पति भी पहुंच गए। पिता ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है।
तिघरा थाना प्रभारी अवधेश कुशवाह ने बताया, रामपुरा गांव के रहने वाले गाजीपाल यादव के घर में 24 वर्षीय रूबी पत्नी संतोष यादव ने फांसी लगा ली। पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच मेमं पता चला कि मृतका यहां प्रेमी गाजीपाल यादव के साथ रह रही थी।
दो दिन पहले ही वह ससुराल से भागकर आई थी। पुलिस ने मृतका के पिता और पति को भी सूचना दी। दोनों ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है।
एक साल पहले हुआ था विवाह
जांच में पता चला है, मृतका श्योपुर के सारंगपुर की रहने वाली थी। पिता होतम सिंह ने बताया कि एक साल पहले ही उसका विवाह देवरी निवासी संतोष यादव से हुआ था। शादी के बाद से ही रूबी ससुराल में रह रही थी। दो दिन पहले वह लापता हो गई। वह उसकी तलाश कर रहे थे। वहीं, गाजीपाल को तो वह जानते तक नहीं हैं। उसकी मुलाकात कब हुई, इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, गाजीपाल का कहना है कि जिस समय रूबी ने फांसी लगाई, वह बाइक में पेट्रोल भरवाने गया था।