राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। दाेपहर में खिली के बीच गर्मी का अहसास तो रात में सर्दी का सितम...। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, आगामी चार दिनों तक तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
बारिश के बाद ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान
राजधानी समेत पूरे राज्य में सर्द हवा के थमने के कारण सर्दी से राहत मिली है। वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची व पूरे राज्य में अगले चार दिनों तक सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं नववर्ष में 1 और 2 जनवरी को राज्य में कहीं-कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है, जिसके बाद ठंड के बढ़ने के पूर्वानुमान हैं।
इस तारीख से राज्य में बढ़ेगी ठंड
राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं कई हिस्सों में आने वाले दिनों में शीतलहर चल सकता है और रांची से सटे कांके का तापमान न्यूनतम 1 या 2 डिग्री तक रहने की संभावना है।
बता दें की 5 जनवरी से राज्य में ठंड का असर बढ़ेगा जबकि इससे पूर्व 3 और 4 जनवरी को राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। 5 जनवरी से मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने और कई जिलों में कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
ऐसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री गोड्डा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रिकाॅर्ड किया गया। इस दौरान रांची का अधिकतम 25.4 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।