पटना. बिहार के गया में साइड न देने पर हुई कहासुनी के बाद एक स्टूडेंट को गोली मारने के आरोपी जेडीयू एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे को पुलिस ने मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रॉकी यादव को जिस घर से गिरफ्तार किया गया, वह उसके पिता बिंदी यादव के नाम है। भारी दबाव के बीच मनोरमा पुलिस को खुद लेकर बेटे के ठिकाने तक गईं। इस बीच, जेडीयू ने मनोरमा देवी को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस को छापे में मिली विदेशी शराब....
- मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मनोरमा पर बहुत दबाव बनाया। इसके बाद उन्होंने बता दिया कि उनका बेटा रॉकी कहां छुपा हुआ है।
- रॉकी को मस्तपुरा गांव में उसके पिता के डेयरी फॉर्म से गिरफ्तार किया गया। उस पर आदित्य सचदेव नाम के स्टूडेंट को गोली मारने का आरोप है।
- जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम सिटी एसपी अवकेश कुमार ने एसआईटी के साथ एमएलसी के घर छापा मारा।
- टीम ने यहां से कई आपत्तिजनक चीजों के अलावा विदेशी शराब की कई बॉटल्स बरामद कीं।
पुलिस ने मनोरमा से क्या कहा?
- सिटी एसपी ने मनोरमा से दो टूक बात की। अवकेश कुमार ने मनोरमा देवी से कहा कि उन्हें सरकार से रॉकी की गिरफ्तारी के लिए पूरी छूट दी गई है।
- रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में एमएलसी ने पुलिस से कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि बेटा रॉकी कहां छुपा हुआ है।
- लेकिन एसपी ने मनोरमा से कहा कि वे यहां से खाली हाथ नहीं लौटेंगे। ये भी कहा कि रॉकी के खिलाफ ढेर सारे सबूत हैं।
- इसके बाद मनोरमा ने अपने वकील और कुछ लोगों से बात की। बताया जाता है कि इन लोगों ने मनोरमा से कहा कि रॉकी को आज नहीं कल कानून के सामने पेश होना ही होगा। वो जितनी देर करेगा उतनी परेशानी बढ़ेगी।
और फिर खुद ले गईं बेटे के ठिकाने पर
- पुलिस और मनोरमा के बीच कुछ बातें तय हो गईं। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात दो बजे मनोरमा अपनी ब्लैक सैंट्रो कार से निकलीं। उनके साथ कुछ और लोग थे। प्रोग्राम के मुताबिक, बीच रास्ते में उन्हें पुलिस टीम भी मिल गई।
- मनोरमा पुलिस को लेकर मस्तपुरा गांव के डेयरी फॉर्म पर पहुंचीं। रॉकी के पास से इटली में बनी ब्रेटा पिस्टल और लाइसेंस बरामद हुआ है।
गिरफ्तारी के बाद रॉकी ने क्या कहा?
-रॉकी ने एक चैनल से कहा- "मैं तो दिल्ली में था। मां ने फोन किया कि पुलिस के सामने पेश हो जाओ। मैं गया आकर पेश हो गया। मैं कोर्ट के सामने ही सच्चाई बताऊंगा।"
- एसएसपी गरिमा मलिक के मुताबिक, रॉकी ने हत्या का गुनाह कबूला है। पिस्टल का लाइसेंस भी रॉकी के नाम से है।
- इटालियन मॉडल की ब्रेटा पिस्टल है आरोपी के पास। इसका लाइसेंस दिल्ली से जारी हुआ था।
क्या है मामला?
- बता दें कि एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी ने साइड नहीं देने पर एक बिजनेसमैन के बेटे आदित्य सचदेव को गोली मार दी थी।
- घटना के बाद से ही आरोपी रॉकी फरार था। इस मामले में पुलिस ने मनोरमा के पति बिंदी यादव और उसके बॉडीगार्ड को पहले ही अरेस्ट कर लिया।
कैसे हुई घटना
- रॉकी शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी नई लैंड रोवर कार से कहीं जा रहा था।
- एक स्विफ्ट कार उसकी लैंड रोवर के आगे चल रही थी। रॉकी अपनी गाड़ी को उस कार से आगे ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्विफ्ट कार चला रहा ड्राइवर सामने जगह न होने की वजह से साइड नहीं दे पाया।
- इसके बाद रॉकी ने किसी तरह स्विफ्ट को ओवरटेक करके रोक लिया। स्विफ्ट कार में बैठे लड़कों और रॉकी के बीच बहस हुई।
- इसके बाद रॉकी ने स्विफ्ट चला रहे लड़के को गोली मार दी। मारे गए लड़के का नाम आदित्य सचदेव है। आदित्य अपने कुछ दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी से लौट रहा था।
- आदित्य के पिता गया के बड़े पाइप कारोबारी हैं।
एमएलसी के अरेस्ट पति पर हैं मर्डर-किडनैपिंग के कई केस

- आदित्य की जान लेने वाले रॉकी के पिता और एमएलसी मनोरमा के पति बिंदी यादव पर मर्डर, किडनैपिंग और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
- नेताओं की वजह से पुलिस भी उस पर कार्रवाई करने से परहेज करती है। कुछ महीने पहले ही उसके घर से कई हथियार बरामद किए गए थे।
- बिंदी पर नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने का भी आरोप है।