नयी दिल्ली: मध्य दिल्ली में फिक्की की इमारत में स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय में बीती देर रात भीषण आग लग गई। मंडी हाउस में फिक्की इमारत में स्थित संग्रहालय की सबसे उपरी मंजिल पर रात करीब पौने दो बजे आग लग गई जहां मरम्मत का कुछ काम चल रहा था।

आग जल्द ही इमारत की अन्य मंजिलों तक भी फैल गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के काम में कम से कम 35 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को लगभग 4 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद तापमान कम करने के लिए चलाया गया अभियान कुछ और घंटे चला।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। इमारत में ज्यादा लोग नहीं थे और दमकल कर्मियों के वहां पहुंचने तक इमारत को खाली करा लिया गया था। अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान छह दमकल कर्मियों की अत्यधिक धुएं के चलते तबियत बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस रेंज और दिल्ली दमकल सेवा के शीर्ष अधिकारी हालात का जायजा लेने घटनास्थल पर पहुंचे। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

नयी दिल्ली में राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय की स्थापना 1972 में की गई थी। यह भारत के उन दो संग्रहालयों में से एक है जो प्राकृतिक इतिहास से संबंधित हैं। यह पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के तहत काम करता है।